24 घण्टे ऑनलाइन

14 नवंबर को फिर एक बार एनडीए सरकार: योगी आदित्यनाथ

अररिया/सुपौल/मधुबनी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) बिहार में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी खूब गरजे। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के लिए चार रैली की। सीएम योगी ने सिकटी विधानसभा क्षेत्र…

24GhanteOnline
November 9, 2025
5 min read

अररिया/सुपौल/मधुबनी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) बिहार में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी खूब गरजे। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के लिए चार रैली की। सीएम योगी ने सिकटी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विजय कुमार मंडल, नरपतगंज से देवंती यादव, छातापुर से नीरज कुमार सिंह 'बब्लू' और बिस्फी से हरिभूषण ठाकुर बचौल को वोट देकर विधानसभा में भेजने का आग्रह किया। सीएम योगी (CM Yogi) ने कांग्रेस, राजद समेत महागठबंधन पर बिहार में जंगलराज फैलाने का आरोप लगाया। बोले कि कलंकित व काले अतीत के लोग भरोसे लायक नहीं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी तो फिर बिहार की जनता का निर्णय आएगा कि 'फिर एक बार एनडीए सरकार'।

गौरवशाली अतीत के धनी बिहार के सामने संकट खड़ा करने वाले ही असली अपराधी


सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि गौरवशाली अतीत के धनी बिहार के सामने संकट खड़ा करने वाले ही असली अपराधी हैं। जिन लोगों ने बिहार में जंगलराज लाने का पाप किया, बिहार को पीछे धकेला, वे लोग बड़ी-बड़ी घोषणाएं और नौकरी के नाम पर बहकाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपील की कि जिन लोगों का अतीत कलंकित और काला है, उन पर विश्वास करने की जरूरत नहीं है। यह विकास को जंगलराज में बदलने का पाप करने वाले लोग हैं। बिहार में कांग्रेस व राजद की जोड़ी ही जंगलराज लेकर आई थी। यह रामद्रोही भी हैं। कांग्रेस, सपा व राजद वाले बोलते थे कि राम मंदिर नहीं बनने देंगे। सीएम योगी (CM Yogi) ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि 46 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुल गए, जिससे योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में जाने लगा और कांग्रेस-राजद की दलाली समाप्त हो गई। मोदी जी ने 10 करोड़ गरीबों को रसोई गैस का फ्री कनेक्शन दिया, जबकि इसी कनेक्शन के लिए कांग्रेस वाले 25-50 हजार रुपये वसूल करते थे। 1990 से 2005 तक यह लोग सत्ता में थे तो पशुओं का चारा डकार गए थे, इस बार आएंगे तो राशन डकार जाएंगे। इन्हें दोबारा अवसर नहीं देना है।

फिर से जंगलराज लाने की कोशिश करने वालों को रोकना जरूरी


भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने नरपतगंज में कहा कि बिहार में फिर से 'जंगलराज' लाने की कोशिश करने वालों को रोकना जरूरी है। पंचर बनाने वाले यहां आकर विकास को पंचर करना चाहते हैं। जिस बिहार ने दुनिया को नालंदा विश्वविद्यालय और ज्ञान की रोशनी दी, उसी बिहार को कांग्रेस-राजद की जोड़ी ने निरक्षरता और अराजकता की तरफ धकेल दिया। इस पवित्र भूमि को जातीय विभाजन और माफियागीरी से कलंकित किया। इनकी करनी से बिहार बीमारू बन गया। यह अपराध करने वालों ने बिहार को सबसे नीचे पायदान पर धकेला था, लेकिन 2005 में बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनी तो फिर आज यहां का नौजवान आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, स्टार्टअप, उद्यमी समेत जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नया करके देश व दुनिया के लिए मॉडल खड़ा कर रहा है। बिहार जबसे कांग्रेस-राजद के दौर से बाहर आया है, तब से ही विकास की राह खुली है। जो लोग कभी जाति को जाति से लड़ाने और खानदानी माफिया को संरक्षण देने में लगे रहे, वे अब फिर से वही हालात पैदा करना चाहते हैं।

कांग्रेस व राजद के पाप के कारण लोग बिहार को जंगलराज के रूप में जानने लग गए थेः योगी


सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने छातापुर में कहा कि परिवारवादी व्यवस्था ने बिहार में जाति-जाति को लड़ाकर अराजकता व गुंडागर्दी का तांडव किया। नागरिकों व गरीबों को भूखों मरने के लिए छोड़ दिया गया। सरकार के खजाने में लूट मच गई थी। बड़ी-बड़ी घोषणाओं के साथ राजद व कांग्रेस का महागठबंधन सिर्फ धोखा देने आया है। सीएम ने बिहारवासियों से कहा कि जो आपकी जमीन हड़प गए, वे नौकरी क्या देंगे। बिहार का इतिहास गौरवशाली है, लेकिन कांग्रेस व राजद के पाप के कारण लोग बिहार को जंगलराज के रूप में जानने लग गए थे। यह खानदानी लुटेरे झूठा आश्वासन देने आए हैं। यह खानदानी माफिया का समर्थन कर रहे हैं। खानदानी माफिया को सत्ता में लाकर बिहार में फिर से जंगलराज नहीं लाने देना है। राजद के समय बिहार में 30 हजार से अधिक अपहरण हुए। व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर, बेटी, बच्चे कोई भी सुरक्षित नहीं था। इन लोगों ने जंगलराज लाकर एक परिवार की बपौती बनाकर लूट-खसोट किया था। सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत, संतों व आम जनमानस का अपमान भी किया।

मधुबनी को नहीं बनने देना है घुसपैठियों का लॉन्चिंग पैड


सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि कांग्रेस और राजद बिहार में फिर जंगलराज लाना चाहते हैं। इस खतरे को रोकने के लिए एनडीए ही विकल्प है। उन्होंने कहा कि मधुबनी संवेदनशील जिला है, यहां पर घुसपैठियों का लांचिंग पैड नहीं बनने देना है। बहन, बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर जो सेंध लगाई गई, गठबंधन उसका दोषी है। सभा में योगी ने क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का भी हवाला दिया। उन्होंने मधुबनी पेंटिंग, विद्वान साहित्यकारों और स्थानीय परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन सबका सम्मान एनडीए ही कर रहा है।

सीएम योगी (CM Yogi) ने यूपी का जिक्र करते हुए कहा कि वहां माफिया पर बुलडोजर चलाकर हड्डी पसली एक कर दी जाती है। माफिया द्वारा कब्जा की गई जमीन पर गरीबों के लिए हवेलियां बनाई जा रही हैं। यूपी में अब न कर्फ्यू है, न दंगा, वहां सब चंगा है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस-राजद का महागठबंधन सत्ता में आया तो आने वाली पीढ़ियां हमें कोसेंगी, इसलिए एक बार फिर एनडीए को फिर मौका देना आवश्यक है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें

Bihar MLC Election: नीरज कुमार की लगातार चौथी जीत, अनंत सिंह समर्थित उम्मीदवार हारे

JDU नेता नीरज कुमार ने बिहार विधान परिषद चुनाव के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत हासिल की है, जिससे मोकामा में उनके समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है। हालांकि शुरुआती खबरों के समय तक नतीजों की…

राष्ट्र के विकास को गति देने में अभियंताओं का योगदान महत्वपूर्ण: नीतीश कुमार

पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार ने मंगलवार को भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने अभियंता दिवस के अवसर पर बिहार सहित देशभर के सभी…

बाढ़ ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, पटना-गया डाउन लाइन बंद; 10 MEMU रद्द

पटना: पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर ने पटना-गया रेलखंड की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के बाद नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया और पुल संख्या-21 के गार्डर तक पानी आने के बाद रेलवे को डाउन लाइन पर ट्रेनों का…

बिहार में बनेगी फिल्म सिटी, 54 फिल्मों को मंजूरी; भोजपुरी कलाकारों से सीएम की खास अपील

बिहार में अब फिल्मों की शूटिंग और फिल्म निर्माण को नई रफ्तार देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म सिटी बनाई जाएगी।…