लखनऊ: ढाई महीने पहले लापता हुए बुजुर्ग, 25 लाख की फिरौती मांगने का आरोप

लखनऊ के गणेशगंज निवासी राम नारायण बाजपेई करीब ढाई महीने से लापता हैं। परिवार का आरोप है कि उनका अपहरण किया गया और रिहाई के बदले 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी भी दी गई। बेटी आंचल बाजपेई पाठक की शिकायत पर 22 नवंबर को अमीनाबाद थाने में FIR दर्ज की गई।
FIR में पांच लोगों को नामजद किया गया है। इनमें शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और ड्राइवर नीतू कनौजिया शामिल हैं। शिकायत के अनुसार, 21 अक्टूबर से वॉट्सऐप कॉल के जरिए परिवार के लोगों से पैसे मांगे जाने लगे थे। 3 नवंबर को बुजुर्ग के मित्र से एक लाख, बेटी से चार लाख और दामाद से 25 लाख रुपये मांगने का आरोप है।
अयोध्या से गोंडा तक के घटनाक्रम की जांच की मांग
परिवार ने शिकायत में अयोध्या के एक होटल का भी जिक्र किया है। आरोप है कि बुजुर्ग को वहां छोड़ने के बाद होटल संचालक ने संबंधित लोगों को गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचाया, जहां से उन्हें दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठाया गया। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है।
परिवार का कहना है कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक बुजुर्ग का पता नहीं चला। परिजनों ने पुलिस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर राहुल सिंह को सौंपी गई है। थाना प्रभारी प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस राम नारायण बाजपेई की तलाश में जुटी है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
