रायपुर से ट्रक में भरकर ला रहा था गांजा, प्रयागराज में STF ने दबोचा

प्रयागराज। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 342 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85.50 लाख रुपये बताई गई है। तस्कर छत्तीसगढ़ के रायपुर से ट्रक में गांजे की खेप लेकर प्रयागराज आ रहा था। एसटीएफ ने शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आराेपित प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के पूरे कांता गांव निवासी रमेश कुमार यादव है।
प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अंतरराज्यीय गिरोह का एक सदस्य रायपुर से ट्रक में गांजा लेकर प्रयागराज आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने 20 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे चित्रकूट जाने वाले मार्ग पर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें प्लास्टिक के कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। मौके से रमेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरोह के सदस्य छत्तीसगढ़ के रायपुर से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। तस्करी के लिए ट्रक में गांजे को प्लास्टिक के खाली कैरेट के नीचे छिपाकर रखा जाता था, जिससे पुलिस की नजर से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि बरामद गांजे की कीमत करीब 85.50 लाख रुपये है। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि ट्रक का मालिक श्याम बहादुर, निवासी होलागढ़, थाना हंडिया, गांजा तस्करी के इस काम में शामिल था। वह रायपुर से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करते थे। आरोपित के मुताबिक, गांजे की खेप को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर स्थानीय स्तर पर बेचा जाता था। इस काम में अधिक मुनाफा होने के कारण गिरोह के सदस्य लंबे समय से तस्करी कर रहे थे।
एसटीएफ ने आरोपित के कब्जे से 342 किलोग्राम गांजे के अलावा एक ट्रक और मोबाइल फोन बरामद किया है। उसके खिलाफ शंकरगढ़ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 266/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27 में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का झूंसी थाने में पूर्व का आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। इसमें वर्ष 2021 के दो मुकदमे शामिल हैं। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस की ओर से की जा रही है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
सम्बंधित ख़बरें
कन्नौज: BJP विधायक के भतीजे की हत्या, कांग्रेस नेता पर आरोप
बालाजी धाम से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, कार बस में घुसी; तीन की मौत
राजस्थान के बालाजी धाम से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की खुशियां गुरुग्राम में हुए भीषण सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। गुरुवार तड़के दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे पर सोहना के लोहटकी गांव के पास एक स्विफ्ट कार सड़क किनारे…
अमेरिका में गिरफ्तार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, नीरज फरीदपुरिया भी पकड़ा गया
भारत के सबसे वांछित (मोस्ट वांटेड) अपराधियों में से एक, गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय जांच एजेंसियों के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के रहने वाले इस गैंगस्टर को…
नूंह में आधी रात पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में शाहिद की मौत
हरियाणा के नूंह (Nuh) जिले में गुरुवार सुबह पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गोली लगने से शाहिद उर्फ ‘आडवाणी’ घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सोहना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान…
