24 घण्टे ऑनलाइन

गौसेवा से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : धामी

November 12, 2026
4 min read
गौसेवा से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : धामी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने गौसेवा को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका और आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

11 गोवंश से शुरू हुआ अभियान, आज 35 हजार से अधिक का संरक्षण

मुख्यमंत्री धामी ने संस्था की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान आज पांच राज्यों तक विस्तार कर चुका है। संस्था द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की देखभाल की जा रही है।

उन्होंने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। इसके अतिरिक्त संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ गरीब परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी प्रदान कर रही है।

उत्तराखंड के 81 गोसदनों में 16 हजार से अधिक गोवंश संरक्षित

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने गांवों में गौसंरक्षण व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया है।

इसके अलावा शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर नई गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान विकसित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केवल गौशालाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है। गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हैं, जिनसे स्थानीय पशुपालकों और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।

गौहत्या और गोवंश के प्रति क्रूरता पर होगी कठोर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। गौसंरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

हरिद्वार कुंभ 2027 की तैयारियों पर भी बोले मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क और यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं का सुखद अनुभव प्रदान करना है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला भविष्य में गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी।

कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज और स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें