24 घण्टे ऑनलाइन

बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, सरकार से मांगा विमान

November 24, 2026
2 min read
बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, सरकार से मांगा विमान

नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना बनाई है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। हसीना अगस्त 2024 में सत्ता छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं। यह पहली बार है जब उन्होंने अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है।

16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। हसीना ने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी यात्रा के लिए सरकारी विमानन कंपनी 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' का विमान उपलब्ध कराने की मांग की है। उनके प्रवक्ता का कहना है कि 5 अगस्त 2024 को हसीना को बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, इसलिए उनकी वापसी का इंतजाम भी सरकार को करना चाहिए।

वापसी पर गिरफ्तारी की आशंका

हसीना के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें संविधान के खिलाफ देश से बाहर किया गया था, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि उनकी वापसी सुनिश्चित करे। हालांकि, बांग्लादेश सरकार का रुख इसके उलट है। वहां के एक मंत्री ने कहा है कि यदि हसीना लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनकी वापसी भारत से प्रत्यर्पण के जरिए ही संभव है।

हिंसा के बाद छोड़नी पड़ी थी सत्ता

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, वर्ष 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 5 अगस्त 2024 को हसीना को सत्ता छोड़कर भारत आना पड़ा था।

बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत ने पिछले साल नवंबर में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। उन पर छात्र आंदोलन को दबाने के लिए हिंसक कार्रवाई का आदेश देने का आरोप था। हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनकी प्रस्तावित वापसी से बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें