24 घण्टे ऑनलाइन

बारिश से मुंबई में हाहाकार, सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक सब डूबा; IMD ने जारी किया अलर्ट

महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई इलाकों में मंगलवार सुबह से लगातार भारी बारिश (Heavy Rain) हो रही है। जारी भारी बारिश ने कहर बरपाया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। विक्रोली में सबसे ज्यादा 255.5 मिलीमीटर…

24GhanteOnline
August 19, 2025
3 min read

महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई इलाकों में मंगलवार सुबह से लगातार भारी बारिश (Heavy Rain) हो रही है। जारी भारी बारिश ने कहर बरपाया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। विक्रोली में सबसे ज्यादा 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मुंबई के दादर स्टेशन पर रेल पटरियों और बाहर की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है।

माटुंगा, वडाला, सायन, किंग सर्कल, अंधेरी, कुर्ला, विक्रोली और मलाड के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। अंधेरी वेस्ट के वीरा देसाई रोड और जेपी रोड पर जगह-जगह पानी जमा होने से गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सोमवार की तुलना में आज सड़कों पर वाहनों की संख्या कम रही। सभी स्कूल-कॉलेज बंद हैं और कई व्यापारिक प्रतिष्ठान भी नहीं खुले।

मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी


मौसम विभाग, बीएमसी और राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने पहले ही मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी कर रखा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शहर में बहुत भारी से लेकर अति भारी वर्षा (Rain) हो सकती है। साथ ही 45-55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए अगले कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए गए हैं। बारिश का असर ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है। मध्य और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि पश्चिम रेलवे की कुछ ट्रेनें 10 से 15 मिनट विलंब से चल रही हैं।

हाई टाइड का खतरा


मुबंई में हाई और लो टाइड का भी खतरा है। आज सुबह 9:16 बजे 3.75 मीटर हाई टाइड की संभावना थी। हाई टाइड एक समुद्री घटना है जब समुद्र का जलस्तर सामान्य से अधिक ऊंचाई पर जाता है। इस दौरान समुद्र में काफी ऊंची-ऊंची लहरें उठती हैं। यही कारण है कि मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और समुद्र किनारे तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

रेड अलर्ट घोषित


कल्याण-डोंबिवली में लगातार दूसरे दिन भी बारिश (Rain) हो रही है। स्कूलों को छुट्टी घोषित की गई है। पालघर जिले में भी आज रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वसई, विरार और नालासोपारा के निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई घरों और मुख्य सड़कों पर पानी भर गया है। वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है।जिलेभर के स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

नालासोपारा शहर में कई इमारतें झुग्गियों के आसपास पानी भरने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं महाराष्ट्र के अन्य कई जिलों में भी भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बारिश की वजह से राज्य के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं और स्कूल बंद हैं। नागापुर डैम ओवरफ्लो हो गया है। मराठवाड़ा के जालना जिले के कई गांवों में लगातार चौथे दिन पानी खेतों में भर गया है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।