24 घण्टे ऑनलाइन

पंकज चौधरी बने उत्तर प्रदेश भाजपा के नए 'बॉस'

लखनऊ : महराजगंज से सांसद व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। उनके नाम की घोषणा रविवार को औपचारिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय…

24GhanteOnline
December 14, 2025
3 min read

लखनऊ : महराजगंज से सांसद व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। उनके नाम की घोषणा रविवार को औपचारिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की। शंख ध्वनि के बीच नाम का एलान होते ही डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने नए अध्यक्ष को भाजपा का झण्डा सौंपा।

दरअसल अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary)ही एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए नामांकन के दिन ही उनके चुने जाने की तस्वीर साफ हो गई थी। प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की घोषणा होने के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों के नाम की घोषणा की। कार्यसमिति के लिए पूरे प्रदेश से 120 सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

राष्ट्रीय कार्यसमिति के लिए निर्वाचित सदस्यों की सूची में प्रमुख रूप से वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रयागराज से केशव प्रसाद मौर्य, उन्नाव से उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भूपेंद्र चौधरी संभल से, स्मृति ईरानी सुल्तानपुर से, महेन्द्रनाथ पांडेय, सूर्यप्रताप शाही, रमापति राम त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य शामिल है।वैसे पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पूर्वांचल, खासकर गोरखपुर का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary), दोनों ही गोरखपुर क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में अब एक के हाथ में सरकार की कमान है तो दूसरे के हाथ में संगठन की जिम्मेदारी, जिससे गोरखपुर भाजपा की सत्ता और रणनीति का नया केंद्र बनकर उभरा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।

पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) प्रदेश भाजपा के 17वें अध्यक्ष बने हैं। वे कुर्मी बिरादरी से आने वाले पार्टी के चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्रदेव सिंह इस बिरादरी से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में शुरुआत में कई नामों की चर्चा थी, लेकिन पंकज चौधरी का नाम सामने आते ही सियासी समीकरण तेजी से उनके पक्ष में बनते चले गए।

गौरतलब है कि भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के इतिहास में यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। लक्ष्मीकांत बाजपेयी के चुनाव के बाद यह पहला मौका है जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया अपनाई गई। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और आगामी चुनावों में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा।

भाजपा में न वंशवाद चलता है, न जातिवाद, केवल कार्यकर्ता सर्वोपरि: पंकज चौधरी 


उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) ने कहा कि भाजपा में न किसी व्यक्ति का वर्चस्व चलता है, न परिवारवाद और न ही जातिवाद। पार्टी में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत है और वही बड़े से बड़े दायित्व निभाता है। इसी भरोसे के साथ जनता ने बार-बार भाजपा को आशीर्वाद दिया है।रविवार को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले संबोधन में पंकज चौधरी ने अपने राजनीतिक संघर्षों को याद करते हुए कहा कि राजनीति में आने का उनका शौक नही था। गलत चीज बर्दाश्त न होने की वजह से ही वह राजनीति में आएं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।