24 घण्टे ऑनलाइन

सनबीम स्कूल में 10वीं के छात्र की हत्या, जूनियर ने किया था चाकू से हमला

गाजीपुर: जिले में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महाराजगंज स्थित सनबीम स्कूल (Sunbeam School) में छात्रों के दो गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि नौवीं कक्षा के एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में…

24GhanteOnline
August 18, 2025
3 min read

गाजीपुर: जिले में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महाराजगंज स्थित सनबीम स्कूल (Sunbeam School) में छात्रों के दो गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि नौवीं कक्षा के एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 10वीं कक्षा के छात्र आदित्य वर्मा की मौत (Murder) हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह जब स्कूल खुला और छात्र अपनी कक्षाओं में जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ छात्र वॉशरूम की ओर गए। वहीं दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि नौवीं कक्षा का छात्र चाकू निकालकर हमला करने लगा।

इस दौरान आदित्य वर्मा बुरी तरह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। तीन अन्य छात्र, जिनमें आरोपी छात्र भी शामिल है, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

10वीं का छात्र था आदित्य


मृतक छात्र आदित्य वर्मा कक्षा 10वीं का छात्र था और गाजीपुर के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के यूसुफपुर का निवासी था। घटना की जानकारी मिलते ही आदित्य के परिजन अस्पताल पहुंचे और बेटे की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घायल छात्रों की स्थिति फिलहाल नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।

मौके पर पहुंची पुलिस और जांच शुरू


घटना की जानकारी मिलते ही गाजीपुर पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और छात्रों से पूछताछ शुरू की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच से पता चला है कि मामूली विवाद ही इस चाकूबाजी की जड़ है।

अपर पुलिस अधीक्षक (सिटी) ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। चश्मदीद छात्रों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही परिजन की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कैसे एक छात्र चाकू जैसे हथियार को स्कूल के अंदर लेकर आ गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद को रोका जाता तो इतनी बड़ी घटना टल सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और मृतक छात्र के परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।