24 घण्टे ऑनलाइन

बीजेपी नेता के घर धमाकों से हड़कंप, आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी

गाजियाबाद के भोपुरा स्थित डीएलएफ कॉलोनी में भाजपा नेता मान सिंह गोस्वामी के घर पर आग (Massive Fire) लगने से एक-एक कर कथित तीन धमाके हुए। धमाकों की आवाज से लोग दहशत में आ गए। हादसे के समय मान सिंह का परिवार घर के अंदर…

24GhanteOnline
February 13, 2026
2 min read

गाजियाबाद के भोपुरा स्थित डीएलएफ कॉलोनी में भाजपा नेता मान सिंह गोस्वामी के घर पर आग (Massive Fire) लगने से एक-एक कर कथित तीन धमाके हुए। धमाकों की आवाज से लोग दहशत में आ गए। हादसे के समय मान सिंह का परिवार घर के अंदर मौजूद था, जिसने किसी तरह ऊपरी हिस्से से निकलकर पड़ोसी मकान के रास्ते नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।

मान सिंह गोस्वामी भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं और स्थानीय पार्षद रेखा गोस्वामी के पति हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि धमाकों के साथ घर के एक हिस्से में आग (Fire) की लपटें उठने लगीं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी गई।

पार्षद परिवार के मुताबिक, हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी थीं और दो दिन पहले कुछ संदिग्ध चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश में अज्ञात लोगों ने रात में उनके घर पर कोई ज्वलनशील या रासायनिक पदार्थ डाल दिया, जिससे विस्फोट के बाद आग भड़क उठी। हालांकि पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है।

स्थानीय लोगों ने पहले खुद से आग (Fire) पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गली और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण उसे घर तक पहुंचने में कठिनाई हुई। बाद में आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया। घटना में मकान के अंदर रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।

फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा है। फिर भी परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।