24 घण्टे ऑनलाइन

सहरी या इफ्तारी को जायकेदार बनेगी ये टेस्टी डिश, नोट करें रेसिपी

रमजान इस्लामिक कैलेंडर का 9वां महीना होता है। इस पाक महीने को दुनिया भर के मुसलमान अदब और एहतराम के साथ मनाते हैं। रमजान के दौरान मुसलमान सुबह से शाम तक खाने-पीने से परहेज करते हुए रोजा रखते हैं। रोजे में सहरी और इफ्तार…

24GhanteOnline
March 4, 2026
3 min read

रमजान इस्लामिक कैलेंडर का 9वां महीना होता है। इस पाक महीने को दुनिया भर के मुसलमान अदब और एहतराम के साथ मनाते हैं। रमजान के दौरान मुसलमान सुबह से शाम तक खाने-पीने से परहेज करते हुए रोजा रखते हैं। रोजे में सहरी और इफ्तार का खास महत्व होता है। बता दें, सहरी वह भोजन है, जो सूरज निकलने से पहले फज्र की नमाज पढ़ने से पहले किया जाता है। जबकि इफ्तार वह भोजन है जो सूरज डूबने के बाद मगरिब की नमाज के समय रोजा खोलने के लिए किया जाता है। आमतौर पर इफ्तारी खजूर और पानी से शुरू होती है, जिसके बाद समोसा, पकौड़े, शरबत जैसी चीजें खाने में परोसी जाती हैं। अगर आप भी अपनी इफ्तारी को जायकेदार बनाना चाहते हैं तो ट्राई करें टेस्टी चिकन समोसा।

चिकन समोसा (Chicken Samosa) बनाने के लिए सामग्री


-12-15 समोसा पट्टी

-1 बड़ा चम्मच मैदा

-2 बड़े चम्मच पानी

-1 बड़ा चम्मच तेल तलने के लिए

-3-4 लहसुन की कलियां बारीक कटी हुई

-¼ कप प्याज बारीक कटा हुआ

-3 बड़े चम्मच बारीक कटी हुई हरी शिमला मिर्च

-150 ग्राम चिकन कीमा

-नमक स्वादानुसार

-½ चम्मच सूखा अजवायन

-¼ चम्मच सफेद मिर्च पाउडर

-1 बड़ा चम्मच नींबू का रस

-¼ कप पनीर कद्दूकस किया हुआ

चिकन समोसा (Chicken Samosa) बनाने का तरीका


चिकन समोसा (Chicken Samosa) बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल गर्म करके उसमें लहसुन डालकर कुछ देर भून लें। इसके बाद पैन में प्याज डालकर उसे हल्का गुलाबी होने तक भूनें। अब पैन में शिमला मिर्च और चिकन कीमा डालकर एक मिनट तक भूनने के बाद नमक, अजवायन, सफेद मिर्च पाउडर और नींबू का रस डालें। चिकन पक जाने पर पैन को आंच से उतारकर चिकन को ठंडा कर लें। जब चिकन कमरे के तापमान पर ठंडा हो जाए तो इसमें कसा हुआ पनीर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

अब इससे गाढ़ा पेस्ट तैयार करने के लिए मैदा और पानी मिला दें। अब समोसा पट्टी के आखिर में एक बड़ा चम्मच भरावन रखकर उसे मोड़ते हुए समोसा का आकार दें। ऐसा करते हुए आटे के पेस्ट का उपयोग करके सिरों को सील करें।

इसी तरह सारे समोसे बनाकर तैयार कर लें। अब एक पैन में तेल गर्म करके आंच को मीडियम पर रखते हुए समोसों को सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। आपके टेस्टी चिकन समोसा (Chicken Samosa) बनकर तैयार हैं,आप इन्हें केचअप या हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।

टिप- समोसा पट्टी (समोसे का कवर) बनाने के लिए एक कटोरे में मैदा, नमक और तेल डालकर जरूरत अनुसार पानी की मदद से आटा गूंथ लें। अब आटे को बराबर भागों में बांटते हुए लोई तोड़ लें। इसके बाद बेलन की मदद से लोई की पतली रोटी बेल लें। अब गर्म तवे पर रोटी डालकर हर तरफ से लगभग 30 सेकंड तक पकाएं। इसे बाद रोटी को तवे से उतारकर समोसा पट्टी की तरह मोटी स्ट्रिप्स में काट लें। समोसे बनाने के लिए इसका उपयोग ठंडा होने पर करें।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।