24 घण्टे ऑनलाइन

प्रयागराज मेरी कर्मभूमि, जनता का आशीर्वाद मेरा बल: केशव मौर्य

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Maurya) ने आज प्रयागराज सर्किट हाउस में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को…

24GhanteOnline
August 8, 2026
3 min read
प्रयागराज मेरी कर्मभूमि, जनता का आशीर्वाद मेरा बल: केशव मौर्य

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Maurya) ने आज प्रयागराज सर्किट हाउस में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक महत्व से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के संबंध में उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया।

जनता दर्शन के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, छात्रवृत्ति, मार्ग चौड़ीकरण एवं निर्माण, इलाज के लिए आर्थिक सहायता, मंदिर में सोलर लाइट की व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याएं उपमुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत की गईं। श्री मौर्य जी ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए। पेंशन, छात्रवृत्ति, उपचार सहायता तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों में पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार आमजन की सरकार है। सरकार जनता की समस्याओं को सुनती भी है और उनके समाधान के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य भी करती है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाना है। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा, विद्यार्थी एवं बुजुर्ग सहित प्रत्येक वर्ग के हितों की चिंता सरकार कर रही है।

श्री मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज मेरी कर्मभूमि है। यहां की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। प्रयागराज की जनता के आशीर्वाद से ही मैं आज इस स्थान पर हूं। यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करना मेरा दायित्व भी है और संकल्प भी।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है। प्रयागराज के विकास और यहां की जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों के साथ-साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनता दर्शन के उपरांत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्मला पासवान, जिलाध्यक्ष, भाजपा गंगापार, के आवास 265, 7D/2C, पत्रकार कॉलोनी, निकट अर्चना पार्क, अशोक नगर, प्रयागराज पहुंचकर परिवारजनों एवं क्षेत्र की जनता से भेंट की। स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।

उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सेवा, सुशासन और जनसरोकार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक तक सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं को पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें