24 घण्टे ऑनलाइन

उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न, चारों धाम बर्फ से ढके; मसूरी में बढ़ी ठिठुरन

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से पहाड़ों पर ठंड बढ़ गई है। गंगोत्री से गोमुख तक बर्फबारी के बाद पहाड़ सफेद चादर में ढक गए हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी गुरुवार सुबह बर्फ गिरने से खूबसूरत नजारा देखने को मिला।…

24GhanteOnline
October 29, 2026
3 min read
उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न, चारों धाम बर्फ से ढके; मसूरी में बढ़ी ठिठुरन

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने से पहाड़ों पर ठंड बढ़ गई है। गंगोत्री से गोमुख तक बर्फबारी के बाद पहाड़ सफेद चादर में ढक गए हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी गुरुवार सुबह बर्फ गिरने से खूबसूरत नजारा देखने को मिला। दूसरी ओर, मसूरी में लगातार हो रही बारिश ने तापमान गिरा दिया है। मौसम में आए इस बदलाव का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी नजर आने लगा है।

गंगोत्री मंदिर परिसर से लेकर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम तक बर्फबारी ने पहाड़ों की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। धामों में मौजूद श्रद्धालु बर्फ से ढके आसपास के नजारों को देखकर उत्साहित दिखाई दिए। कोई मोबाइल से तस्वीरें लेता नजर आया, तो कोई सेल्फी के जरिए इस पल को यादगार बनाता दिखा। हालांकि, बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ने से लोगों को सर्द मौसम का सामना करना पड़ रहा है।

मसूरी में बारिश ने बिगाड़ा मौसम का मिजाज

मसूरी में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है और पर्यटन स्थलों पर भी सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल नहीं है। बारिश और बढ़ती ठंड के चलते पर्यटक फिलहाल बाहर घूमने से बच रहे हैं।

शहर में घूमने पहुंचे कई लोग मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों की दिनचर्या पर भी बारिश का असर पड़ा है। मौसम में सुधार होने के बाद ही पर्यटन गतिविधियों के फिर से रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।

इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इनमें देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं। पूर्वानुमान के अनुसार, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फ गिरने की संभावना है।

10 जिलों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट

बारिश और बर्फबारी के बीच मौसम विभाग ने 10 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इनमें देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलना चाहिए और खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतनी चाहिए।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें