24 घण्टे ऑनलाइन

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश रच रहे उपद्रवियों को दी सख्त चेतावनी

मेरठ/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांवड़ यात्रा के पवित्र अवसर पर शिवभक्तों का स्वागत कर उनकी श्रद्धा को सम्मान दिया। मेरठ में उन्होंने स्वयं सड़क पर…

24GhanteOnline
July 20, 2025
3 min read

मेरठ/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांवड़ यात्रा के पवित्र अवसर पर शिवभक्तों का स्वागत कर उनकी श्रद्धा को सम्मान दिया। मेरठ में उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की, वहीं कुछ जिलों में हेलिकॉप्टर से पुष्प बरसाकर भावनात्मक श्रद्धा को नमन किया। इसी दौरान मेरठ में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा की आड़ में जो भी उपद्रव करेगा और पवित्र यात्रा को बदनाम करने का प्रयास करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि सावन मास में आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त हरिद्वार से पावन गंगाजल लेकर भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। बाबा औघड़नाथ मंदिर, पुरा महादेव मंदिर, दुग्धेश्वरनाथ मंदिर जैसे पवित्र स्थलों पर श्रद्धालु अपने भाव व्यक्त करेंगे। यह अत्यंत आनंददायक है कि इस यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी शामिल होकर सामाजिक समता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

श्रद्धा को बदनाम करने वालों से सख्ती से निपटेगा प्रशासन


मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्व इस पवित्र यात्रा को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। यह हर कांवड़ संघ, हर शिवभक्त का कर्तव्य है कि वे ऐसे उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें बेनकाब करें और प्रशासन को तत्काल सूचना दें। सीएम योगी ने कहा कि पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और यात्रा पूरी होने के बाद उपद्रवियों की पहचान कर उनके पोस्टर सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार ने की सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए सरकार, प्रशासन, स्वयंसेवी संगठनों और धार्मिक संस्थाओं ने व्यापक व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को न तो कोई असुविधा हो और न ही यातायात या सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या इसके लिए पूरा प्रशासन तैनात है। जगह-जगह पंडाल लगाए गए हैं, स्वागत शिविर बनाए गए हैं और पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा व विश्राम की पूरी व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों से आग्रह किया कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी सड़क, चौराहे या सार्वजनिक स्थल को गंदा न करें। यह यात्रा जितनी पवित्र है, उसकी गरिमा उतनी ही बनी रहनी चाहिए। शिवभक्तों को चाहिए कि वे लोक कल्याण के भाव के साथ यात्रा करें और दूसरों की असुविधा का भी ध्यान रखें।

2017 से पहले की सरकारों पर साधा निशाना


सीएम योगी (CM Yogi) ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि 2017 के पहले ऐसी पवित्र यात्राओं को प्रोत्साहन नहीं मिलता था, बल्कि उन्हें बाधित किया जाता था। आज जब श्रद्धा को सम्मान देने वाली सरकार है, तो हर शिवभक्त का भी कर्तव्य बनता है कि वह इस परंपरा को शांति और गरिमा के साथ आगे बढ़ाए। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी को उपद्रवियों की जानकारी मिले तो वह स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय प्रशासन को सूचना दे। हम सबका दायित्व बनता है कि इस पवित्र यात्रा की गरिमा बनी रहे। भगवान शिव लोकमंगल के देवता हैं, उनकी कृपा सब पर समान रूप से बरसती है। ऐसे में इस यात्रा को किसी भी प्रकार की हिंसा या अव्यवस्था से दूर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।