24 घण्टे ऑनलाइन

पंजाब की आशीर्वाद योजना से 12,784 परिवारों को राहत, 65.20 करोड़ रुपये जारी

चंडीगढ़: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटी का विवाह जहां खुशियों का अवसर होता है, वहीं यह एक बड़ी आर्थिक जिम्मेदारी भी होती है। ऐसे परिवारों का मजबूत सहारा बनते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब…

24GhanteOnline
October 24, 2026
3 min read
पंजाब की आशीर्वाद योजना से 12,784 परिवारों को राहत, 65.20 करोड़ रुपये जारी

चंडीगढ़: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटी का विवाह जहां खुशियों का अवसर होता है, वहीं यह एक बड़ी आर्थिक जिम्मेदारी भी होती है। ऐसे परिवारों का मजबूत सहारा बनते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार आशीर्वाद योजना के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक तंगी किसी भी बेटी के सपनों की राह में बाधा न बने। यह जानकारी सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी।

सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान आशीर्वाद योजना के तहत अब तक 12,784 लाभार्थियों को 65.20 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करने के प्रति पंजाब सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को बेटी के विवाह के लिए 51,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इस योजना का लाभ उठा सकती हैं, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता मिल रही है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि जारी की गई कुल राशि में से अनुसूचित जाति वर्ग के 8,774 लाभार्थियों को 44.75 करोड़ रुपये, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और पिछड़ी श्रेणियों से संबंधित 4,010 लाभार्थियों को 20.45 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के 9,183 तथा पिछड़ी श्रेणियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 4,342 अन्य लाभार्थियों के मामलों में वित्तीय सहायता जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।

योजना को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू करने पर जोर देते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आशीर्वाद योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित होता है।

कैबिनेट मंत्री ने जिला एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आशीर्वाद योजना का कोई भी पात्र लाभार्थी इसके लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों की तत्काल जांच और निपटारे को सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि बेटियों के विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर जरूरतमंद परिवारों को समय पर वित्तीय सहायता प्राप्त हो सके।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनहितैषी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास ‘रंगला पंजाब’ के उस सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जहां प्रत्येक परिवार को सम्मान, सहारा और बेहतर भविष्य के लिए समान अवसर प्राप्त हों।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।