24 घण्टे ऑनलाइन

भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत, अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा

भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल समेत क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 38 वर्षीय रहाणे ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने…

24GhanteOnline
July 30, 2026
2 min read
भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत, अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा

भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल समेत क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 38 वर्षीय रहाणे ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले की जानकारी देते हुए अपने लंबे क्रिकेट करियर पर विराम लगा दिया।

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए भावुक संदेश में उन्होंने लिखा, "कैप नंबर 278, अब यहीं विराम. वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद. मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।" रहाणे ने अपने प्रशंसकों, साथियों, कोचों और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों का आभार भी जताया।

रहाणे (Ajinkya Rahane) ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। तीनों प्रारूपों में उन्होंने कुल 8,414 रन बनाए, जिसमें 15 शतक और 51 अर्धशतक शामिल रहे। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 5,077 रन बनाए, जबकि वनडे में उनके नाम 2,962 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 375 रन दर्ज हैं।

रहाणे की कप्तानी भी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास स्थान रखती है। उन्होंने छह टेस्ट मैचों में टीम इंडिया की कमान संभाली और चार मुकाबले जीतने के साथ एक भी टेस्ट नहीं गंवाया। वनडे में तीन और टी20 में दो मैचों में भी उन्होंने भारत की कप्तानी की।

उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत रही। विराट कोहली की अनुपस्थिति में कप्तानी संभालते हुए रहाणे ने मेलबर्न टेस्ट में शतक जड़ा और युवा खिलाड़ियों के साथ भारत को गाबा में ऐतिहासिक जीत दिलाकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कराई।

आईपीएल में भी रहाणे ने 212 मैच खेले और 5,367 रन बनाए। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट का प्रतिनिधित्व किया। पिछले सीजन में वह कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।