24 घण्टे ऑनलाइन

कोचिंग सेंटर बना आग का गोला, जान बचाने को बिल्डिंग से कूदे छात्र

राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर (Coaching Centre) में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच…

24GhanteOnline
June 22, 2026
2 min read
कोचिंग सेंटर बना आग का गोला, जान बचाने को बिल्डिंग से कूदे छात्र

राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर (Coaching Centre) में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने खराब हो गए कि कई छात्रों को जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगानी पड़ी। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिलाधिकारी समेत कई अधिकारी राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप


स्थानीय लोगों के मुताबिक, सबसे पहले इमारत से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरा भवन उसकी चपेट में आ गया।

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

कई छात्रों के घायल होने की आशंका


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुएं और आग से बचने के लिए कई छात्र ऊंचाई से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। कुछ लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की भी आशंका जताई जा रही है। वहीं, अभी भी कुछ छात्रों के इमारत के अंदर फंसे होने की संभावना बताई जा रही है।

राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं।

चश्मदीद ने सुनाई आपबीती


घटनास्थल पर मौजूद अमन नाम के युवक ने बताया कि इमारत में लाइब्रेरी और कंप्यूटर कोर्स से जुड़ा एक संस्थान संचालित होता है। उन्होंने कहा, "जब हम मौके पर पहुंचे तो बिल्डिंग से काफी धुआं निकल रहा था। हमने करीब पांच से छह लोगों को बाहर निकाला। आग लगने के बाद एक व्यक्ति ऊपर से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।"

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं


फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों और अंदर फंसे लोगों की संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।