24 घण्टे ऑनलाइन

यूपी में SSR का ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 18.84 लाख मतदाता बढ़े; 16 दिसंबर तक सुधार का मौका

November 17, 2026
4 min read
यूपी में SSR का ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 18.84 लाख मतदाता बढ़े; 16 दिसंबर तक सुधार का मौका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के बाद मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में प्रदेश में 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।

ड्राफ्ट सूची के अनुसार, प्रदेश में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता दर्ज हैं। वहीं, तीसरे लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,042 है।

पुरुषों के मुकाबले महिलाओं के नाम ज्यादा जुड़े

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष और 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला मतदाता शामिल थीं।

नई ड्राफ्ट सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 बढ़ी है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा हुआ है। इस तरह पुरुषों के मुकाबले करीब 3.09 लाख अधिक महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़े हैं।

18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या घटी

ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 साल आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 दर्ज की गई है। जबकि 10 अप्रैल को जारी अंतिम सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे। इस तरह युवा मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी दर्ज हुई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा के मुताबिक, इसकी वजह यह है कि पहले 19 वर्ष की आयु वाले मतदाता अब 20 साल के हो चुके हैं। इसलिए उनकी गिनती इस आयु वर्ग में नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि SSR के दौरान नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।

16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में सुधार कराने या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

किस काम के लिए कौन सा फॉर्म?

  • फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।

  • फॉर्म-7: सूची में शामिल नाम हटवाने या किसी नाम को शामिल किए जाने के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए।

  • फॉर्म-8: पता बदलवाने, विवरण में सुधार, EPIC कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के चिह्नांकन के लिए।

  • फॉर्म-6A: विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के लिए।

नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। इन दिनों नागरिक मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान और आवेदन के लिए BLO से संपर्क कर सकेंगे। बूथों पर आवेदन फॉर्म भी उपलब्ध रहेंगे।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं अपना नाम

मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम मतदान केंद्र पर, BLO के पास उपलब्ध सूची में या ऑनलाइन माध्यम से देख सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जानकारी उपलब्ध है। इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी नाम की जांच की जा सकती है।

यदि किसी पात्र नागरिक का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर पासपोर्ट साइज फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकता है। निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने साथ परिवार के सभी सदस्यों के नाम भी सूची में जरूर जांच लें, ताकि कोई पात्र मतदाता अंतिम सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें