24 घण्टे ऑनलाइन

अखिलेश जी, आपका पीडीए तो ‘पीट देगा अहीर’ बन गया: राजभर

November 12, 2026
3 min read
अखिलेश जी, आपका पीडीए तो ‘पीट देगा अहीर’ बन गया: राजभर

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इटावा और बाराबंकी में दलितों के साथ हुई घटनाओं को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश के पीडीए पर तंज कसते हुए उसे ‘पीट देगा अहीर’ बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश के मुख्यमंत्री बनने की अफवाह भर से उनके लोग इस तरह व्यवहार कर रहे हैं जैसे उनकी सरकार आ गई हो।

राजभर ने अपनी पोस्ट की शुरुआत ‘अखिलेश यादव जी, गुड मॉर्निंग’ से की। उन्होंने लिखा कि अखिलेश अभी सो रहे होंगे, लेकिन उनका पीडीए यानी ‘पीट देगा अहीर’ उनके मुख्यमंत्री बनने की अफवाह भर से सो नहीं रहा है।

इटावा में चंद्रमोहन दिवाकर से मारपीट का मामला उठाया

राजभर ने इटावा के बिट्टू यादव का जिक्र करते हुए कहा कि चंद्रमोहन दिवाकर की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की गई। इसका विरोध हुआ तो गाली-गलौज के बाद चंद्रमोहन दिवाकर के साथ मारपीट की गई। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश की दो-चार प्रेस कॉन्फ्रेंस देखकर बिट्टू यादव को लगने लगा है कि गुंडई का राज वापस आने वाला है।

बाराबंकी में दिलीप की पीट-पीटकर हत्या

राजभर ने बाराबंकी की घटना को लेकर भी अखिलेश को घेरा। दिलीप की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में प्रमोद यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। राजभर ने इस घटना को लेकर सपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ शिवपाल यादव कहते हैं कि कोई गुंडई करे तो उसे पार्टी से बाहर निकाल दिया जाए और दूसरी तरफ दलितों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं सामने आ रही हैं।

अपने लठैतों को कायदे से चांपिए महाराज : राजभर

सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सही कहते हैं कि सपा ने हर चौराहे पर गुंडों को पाल रखा है। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा, “नींद और भ्रम की दुनिया से बाहर आइए और गुंडई के नशे में चूर अपने लठैतों को कायदे से चांपिए महाराज।”

राजभर ने कहा कि यादव होने के नाम पर ज्यादा सीना ठोंककर कानून हाथ में लेने वालों को समझाया जाना चाहिए कि उत्तर प्रदेश पुलिस ऐसे लोगों की ‘अइंठन’ दूर करने में सक्षम है। बाद में कार्रवाई होने पर यह नहीं कहा जाना चाहिए कि यादवों के साथ गलत हो रहा है।

राजभर ने अखिलेश पर यादव समाज को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनका काम यादवों को फंसाना नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री बनने की अफवाह फैलाकर वह उन्हें बर्बाद कर रहे हैं। पोस्ट के आखिर में उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “खैर, आप जानें, आपके ‘पीट देगा अहीर’ जानें।”

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें