पंजाब चुनाव 2027: बीजेपी-अकाली दल गठबंधन पर PM मोदी ने जताई खुशी

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दोनों पार्टियां अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के तहत मिलकर चुनाव लड़ेंगी। गठबंधन की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका स्वागत करते हुए खुशी जताई है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की NDA में वापसी का स्वागत करते हुए कहा कि यह वापसी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर हुई है।
PM मोदी ने बताया स्वाभाविक गठबंधन
प्रधानमंत्री ने बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन को स्वाभाविक साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब को जनहित वाली सरकार देगा और राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में दोनों दलों के पुराने रिश्तों का भी उल्लेख किया। उन्होंने भरोसा जताया कि यह गठबंधन पंजाब की जनता की पसंद बनेगा।
अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गठबंधन की घोषणा की। इस मौके पर अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगी और NDA के सहयोगी के तौर पर काम करेंगी।
नशा और भ्रष्टाचार खत्म करना प्राथमिकता
अमित शाह ने कहा कि पंजाब से नशे की समस्या और भ्रष्टाचार को खत्म करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा। इसके साथ ही राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करने और किसानों की चिंताओं को दूर करने पर भी जोर दिया जाएगा। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हुए इस राजनीतिक ऐलान को पंजाब की चुनावी राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
