24 घण्टे ऑनलाइन

गोपाष्टमी 2026: 17 नवंबर को मनाया जाएगा पर्व, जानें पूजा का महत्व और पौराणिक कथा

November 16, 2026
3 min read
गोपाष्टमी 2026: 17 नवंबर को मनाया जाएगा पर्व, जानें पूजा का महत्व और पौराणिक कथा

हिंदू धर्म में गाय को मां का दर्जा दिया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गौ माता की पूजा और सेवा करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इसी आस्था से जुड़ा पर्व गोपाष्टमी हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। साल 2026 में यह पर्व 17 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दिन मंदिरों और गोशालाओं में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होते हैं।

गोपाष्टमी 2026 की तिथि और शुभ समय

पंचांग के अनुसार, अष्टमी तिथि 17 नवंबर को सुबह 4 बजकर 20 मिनट से शुरू होगी और 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 6 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर गोपाष्टमी का पर्व 17 नवंबर को ही मनाया जाएगा।

भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी है पर्व की परंपरा

पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, बचपन में भगवान श्रीकृष्ण केवल बछड़ों को चराने जाया करते थे। जब वह बड़े हुए, तब कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन उन्होंने अपने बड़े भाई बलराम के साथ पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। भगवान कृष्ण की इस लीला को गौ-चारण लीला कहा जाता है।

इसी घटना की स्मृति में गोपाष्टमी मनाने की परंपरा शुरू हुई। गायों की देखभाल करने के कारण ही भगवान श्रीकृष्ण को गोपाल और गोविंदा जैसे नामों से जाना जाता है।

गोवर्धन पर्वत की कथा से भी जुड़ा महत्व

गोपाष्टमी का संबंध गोवर्धन पर्वत की पौराणिक कथा से भी जोड़ा जाता है। मान्यता है कि जब भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्रदेव के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया, तो इंद्र ने नाराज होकर मूसलाधार बारिश शुरू कर दी।

तब भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गायों की रक्षा की थी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से अष्टमी तक भगवान ने पर्वत धारण किया था। इस घटना को भी गोपाष्टमी के महत्व से जोड़कर देखा जाता है।

गोपाष्टमी पर क्यों होती है गौ माता की पूजा?

हिंदू धार्मिक मान्यताओं में गाय को पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए गोपाष्टमी पर गायों और उनके बछड़ों की विशेष पूजा की जाती है।

इस दिन गायों को स्नान कराकर हल्दी, कुमकुम और फूलों की माला से उनका श्रृंगार किया जाता है। इसके बाद उन्हें हरा चारा, गुड़ और पकवान खिलाए जाते हैं। श्रद्धालु गौ माता की आरती उतारते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

गोपाष्टमी पर करें गौ सेवा

गोपाष्टमी के दिन सुबह स्नान के बाद गाय और बछड़ों की पूजा करना शुभ माना जाता है। कई स्थानों पर श्रद्धालु गोशालाओं में जाकर गायों की सेवा करते हैं और उनकी परिक्रमा करते हैं। इस अवसर पर गौ संरक्षण और उनकी देखभाल का संकल्प लेने की भी परंपरा है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें