छठ महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उधमसिंह नगर जिले के खटीमा में आयोजित छठ महोत्सव में शामिल होकर भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड संख्या 14 में संजय रेलवे पार्क के पास छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह महापर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा संदेश देती है कि सम्मान केवल सफलता के शिखर पर पहुंचे व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि संघर्ष के दौर से गुजर रहे प्रत्येक व्यक्ति का भी होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ने के साथ विविधता में एकता की मिसाल प्रस्तुत करता है। पूर्वांचल सेवा समिति और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में हर साल होने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है। इसका भूमिपूजन जल्द किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि खटीमा चौराहे से मेलाघाट रोड तक हॉटमिक्स, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण तथा मजोला रोड और नानकसागर से 17 मील तक सड़क निर्माण के कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों पर 34 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों को 'प्रथम गांव' के रूप में विकसित करने के लिए मेलाघाट, सिसैया और नगला तराई में 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और सुविधाओं का विकास भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय का नया भवन तैयार हो चुका है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की घोषणा की गई है। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट जैसी सुविधाओं का विकास किया गया है। चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए समिति के पदाधिकारियों और एक चिकित्सक को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, समिति अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
