24 घण्टे ऑनलाइन

तेज रफ्तार कंटेनर से टकराई बम स्क्वॉड की गाड़ी, 4 जवान शहीद

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हुआ है। इस हादसे में मुरैना बम डिस्पोज़ल और डॉग स्क्वॉड के चार बहादुर जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा…

24GhanteOnline
December 10, 2025
2 min read

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हुआ है। इस हादसे में मुरैना बम डिस्पोज़ल और डॉग स्क्वॉड के चार बहादुर जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर मालथौन और बांदरी के बीच सुबह लगभग चार बजे हुआ। सभी जवान बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान की ड्यूटी पूरी कर अपने मुख्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान उनका पुलिस वाहन तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर से भीषण रूप से टकरा गया।

शहीद हुए जवानों में आरक्षक प्रधुमन दीक्षित, आरक्षक अमन कौरव, चालक परमलाल तोमर और डॉग मास्टर विनोद शर्मा शामिल हैं। ये सभी मुरैना और भिंड जिले के निवासी थे। वहीं घायल आरक्षक राजीव चौहान, जो मुरैना के ही रहने वाले हैं, उनको गंभीर हालत में बंसल अस्पताल भोपाल रेफ़र किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में स्क्वायड का कुत्ता बच गया है।

हादसे (Accident) में मौके पर ही चारों जवानों की मौत


थाना प्रभारी समेर जगत ने बताया कि प्राथमिक जांच में घटना का कारण तेज रफ्तार या पुलिस वाहन का नियंत्रण खोना प्रतीत हो रहा है, जिसके चलते वाहन सीधे कंटेनर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार था कि चारों जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। शहीद पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीरों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं कंटेनर चालक हादसे (Accident) के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना की विस्तृत जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।